देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज दिल्ली में अपनी कोर कमेटी की अहम बैठक करेगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई स्तरों पर तैयारियां पहले से ही शुरू कर चुकी है। दिल्ली में होने वाली इस बैठक में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक के बाद संगठनात्मक समीक्षा, विस्तारक योजना और जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारियों को भी गति दी जाएगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस
पार्टी की प्राथमिकता हर बूथ तक संगठन को सक्रिय करना और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। इसके लिए विस्तारक योजना पर विशेष रूप से काम किया जाएगा, ताकि कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित कर सकें।
सांसद और विधायकों की अलग-अलग बैठकें
भाजपा ने राज्यभर में जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारी भी शुरू कर दी है। प्रदेश के सभी पांच लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में क्षेत्रवार संगठन की स्थिति, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
युवाओं पर भी रहेगा विशेष फोकस
भाजपा युवाओं को जोड़ने के लिए पूरे उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर 'युवा संवाद' कार्यक्रम चला रही है। पार्टी का मानना है कि युवा मतदाताओं तक सीधे पहुंचकर उन्हें संगठन से जोड़ना आगामी चुनाव में अहम भूमिका निभाएगा।