देहरादून- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी ने अभी से पूरी ताकत झोंक दी है। देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
एक-एक बूथ और एक-एक वोट पर फोकस का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी के पक्ष में सकारात्मक माहौल है, लेकिन इसे चुनावी जीत में बदलने के लिए हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समर्थक मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराना और मतदान के दिन उसे मतदान केंद्र तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया।
मतदाता सूची और एसआईआर प्रक्रिया पर विशेष मंथन
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका समझाई। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए त्रुटिहीन मतदाता सूची बेहद जरूरी है और संगठन को संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देना चाहिए।
सीएम धामी ने दिया जीत का मंत्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से 'जहां कम, वहां हम' की रणनीति पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन बूथों और क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन पहले कमजोर रहा है, वहां अधिक मेहनत और मजबूत संगठनात्मक गतिविधियों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए चुनाव प्रबंधन और बूथ स्तर की तैयारियों को और प्रभावी बनाना होगा।
घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री ने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारियों का अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन ही चुनावी सफलता की कुंजी बनेगा।
महेंद्र भट्ट बोले- पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिला और विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने तथा बूथ स्तर की गतिविधियों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
'विकसित भारत' और 'सेवा ही संगठन' पर भी चर्चा
बैठक से पहले तरुण चुग ने मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' विजन और 'सेवा ही संगठन' अभियान को उत्तराखंड में और मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।