देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए धामी सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक से बचाव और उपचार के लिए सभी जिलों को विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि सभी अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों में विशेष हीट स्ट्रोक रूम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में बनाए जाएंगे विशेष हीट स्ट्रोक रूम
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इन विशेष रूम में आइस पैक, IV फ्लूइड, ORS, जरूरी दवाइयां और वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से सभी जिलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर और पंपलेट के जरिए लोगों को तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य महानिदेशक ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
मैदानी इलाकों में बढ़ा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 24 मई को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना जताई है।