देहरादून - उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं, जबकि कई पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई शाम 7:06 बजे से 28 जुलाई सुबह 10:06 बजे तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके मद्देनज़र राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने और राहत-बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर और खटीमा समेत कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बढ़ा
लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की आशंका बढ़ गई है। कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई है और प्रशासन सड़कें खुलवाने के लिए मशीनों की मदद से लगातार राहत कार्य चला रहा है। निचले इलाकों में भी जलभराव, नदी-नालों के उफान और अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चारधाम यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा शुरू करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भूस्खलन संभावित मार्गों, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। यात्रा मार्गों पर पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात कर दी गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव दल तैयार रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 और 29 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा, इसलिए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।