देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बुधवार सुबह चमोली जिले के नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग पर चमन मंदिर के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्कूली बच्चों सहित स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूली बच्चे और यात्री फंसे, शिक्षकों ने हटाने की कोशिश की चट्टानें
सुबह के समय हुए भूस्खलन के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे, शिक्षक और रोजाना यात्रा करने वाले लोग रास्ते में फंस गए। कुछ शिक्षकों ने स्वयं सड़क पर उतरकर छोटे पत्थरों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन बड़े बोल्डरों के कारण मार्ग को तत्काल बहाल नहीं किया जा सका।
13 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 13 जुलाई तक उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
भूस्खलन और जलभराव को लेकर प्रशासन सतर्क
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कों पर अवरोध की स्थिति बन सकती है। साथ ही नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव की संभावना भी बनी हुई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। छोटी नदियों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।