देहरादून - उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल समेत छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।
अलकनंदा चेतावनी स्तर से ऊपर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़कर 626.15 मीटर दर्ज किया गया, जो 626.00 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। हालांकि नदी अभी 627.00 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है। दूसरी ओर मंदाकिनी नदी सहित अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी तट से दूर रहने की लगातार चेतावनी दी जा रही है।
बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में बंद, कई सड़कें भी बाधित
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (बदरीनाथ हाईवे) सिरोबगड़ क्षेत्र में बंद हो गया है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की 6 सड़कें, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 6 सड़कें और एनपीसीसी की एक सड़क भी मलबा आने के कारण अवरुद्ध हैं। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन सड़कें खोलने के लिए लगातार राहत और सफाई कार्य में जुटा हुआ है।
बारिश से बढ़ा खतरा, प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए किसी भी आपदा से निपटने के निर्देश जारी किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचें, नदी-नालों के पास न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना रह सकता है।