देहरादून- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब चारधाम यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है। यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गए हैं। प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की टीमें मार्ग खोलने में जुटी हैं, जबकि यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।
यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन
लगातार बारिश के कारण स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन मौसम खराब होने से राहत कार्यों में बाधा आ रही है।
हेल्गूगाड़ के पास बंद हुआ गंगोत्री हाईवे
उधर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास भूस्खलन के चलते अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सड़क को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आज भी भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार (3 अगस्त) के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहेगा।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी अपडेट अवश्य देखें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
तापमान में गिरावट, मैदानों में उमस बरकरार
रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से उमस बनी रही। देहरादून में सुबह से शाम तक 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3°C और न्यूनतम तापमान 24.2°C रिकॉर्ड किया गया।