देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हैं और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। हालांकि पिछले कुछ दिनों के मुकाबले भारी बारिश की तीव्रता में कमी आई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है।
रुद्रप्रयाग-चमोली समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें
बारिश की वजह से पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार भूस्खलन के कारण कई संपर्क मार्ग बाधित होने की स्थिति बनी हुई है। पहाड़ों में सफर करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।
नदियों का जलस्तर बढ़ा
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इससे नदी किनारे रहने वाले क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।