देहरादून - उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बारिश, भूस्खलन और सड़कें बंद होने से कई जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 76 सड़कें बंद हैं, जबकि 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 27 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 29 लोग घायल हुए हैं और 209 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
76 सड़कें बंद, कई जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
एसईओसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बंद सड़कों में एक राष्ट्रीय राजमार्ग (BRO), 12 पीडब्ल्यूडी सड़कें और 63 पीएमजीएसवाई व ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक असर पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और चमोली जिलों में देखने को मिला है। प्रशासन लगातार सड़कें खोलने में जुटा है।
प्राकृतिक आपदाओं में 27 लोगों की मौत
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते अब तक 27 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 209 मकान आंशिक, 11 मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और 3 मकान पूरी तरह ढह गए। पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है।
देहरादून और नैनीताल में हादसे
देहरादून के जीरो प्वाइंट के पास एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया, जिसे एसडीआरएफ और फायर टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। वहीं नैनीताल के ज्योलीकोट में एक टैक्सी खाई में गिरने से सात लोग घायल हो गए।
चारधाम यात्रा जारी, लेकिन बढ़ा मौतों का आंकड़ा
लगातार बारिश के बावजूद चारधाम यात्रा जारी है। हालांकि यात्रा के दौरान अब तक 210 श्रद्धालुओं की मौत दर्ज की गई है। इनमें 207 मौतें स्वास्थ्य संबंधी कारणों से और 3 मौतें प्राकृतिक आपदाओं की वजह से हुई हैं।
पांच दिन का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के आधार पर अगले पांच दिनों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।