उत्तराखंड- उत्तराखंड में शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, जबकि पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को देहरादून सहित कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई दौर की तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और रास्ते बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी चेतावनी
मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
देहरादून में बढ़ा तापमान, हल्की बारिश से मिली राहत
शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। सुबह करीब 11 बजे शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश थमते ही उमस ने फिर लोगों को परेशान कर दिया।
बारिश का आंकड़ा भी रहा कम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक देहरादून में केवल 0.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हालांकि रविवार को कई इलाकों में इससे कहीं अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।