देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 अगस्त के लिए देहरादून और बागेश्वर के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तेज गर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश की भी चेतावनी दी गई है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट पर हैं। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
देहरादून और बागेश्वर के अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त तक बना रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ भूस्खलन की स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने एहतियात के तौर पर कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।