उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, वहीं पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक कार दब गई। देहरादून में तेज बहाव के कारण जाखन नदी में 12 साल की बच्ची बह गई, जिसे मौके पर मौजूद एक फौजी और तीन युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
रुद्रप्रयाग में बारिश से हालात बिगड़े
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। सिल्ली के पास मलबा आने से हाईवे कुछ समय के लिए बाधित रहा। वहीं पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक कार दब गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
देहरादून में नदी में बही बच्ची को बचाया
देहरादून के जाखन नदी में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बहाव में 12 वर्षीय बच्ची बहने लगी थी। मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए एक फौजी और तीन युवकों ने तुरंत नदी में छलांग लगाई और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्कूलों में छुट्टी घोषित, बच्चों को भेजा गया वापस
लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। चंपावत, बागेश्वर और टिहरी जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं देहरादून के चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज में बारिश का पानी भरने के कारण छुट्टी करनी पड़ी और बच्चों को वापस घर भेज दिया गया।
8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
देहरादून
नैनीताल
रुद्रप्रयाग
चमोली
बागेश्वर
ऊधम सिंह नगर
चंपावत
टिहरी
इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर आने की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चारधाम यात्रा लगातार दूसरे दिन स्थगित
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते चारधाम यात्रा को एहतियात के तौर पर दूसरे दिन भी रोका गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई मार्ग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
111 सड़कें बंद, कई हाईवे प्रभावित
बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। बंद मार्गों की स्थिति:
3 राष्ट्रीय राजमार्ग
6 राज्य राजमार्ग
111 अन्य सड़कें
सबसे ज्यादा असर देहरादून जिले में देखने को मिला है, जहां:
1 राष्ट्रीय राजमार्ग
5 राज्य राजमार्ग
27 अन्य सड़कें बंद हैं
इसके अलावा-
अल्मोड़ा में 2 सड़कें
बागेश्वर में 8
चमोली में 12
नैनीताल में 7
पौड़ी में 6
पिथौरागढ़ में 16
रुद्रप्रयाग में 5
टिहरी में 17
उत्तरकाशी में 11 सड़कें प्रभावित हैं।
रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा मार्ग की सुरंग के ऊपर पहाड़ी दरकने से भूस्खलन हुआ है।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, SDRF अलर्ट
लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। SDRF और जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
30 जुलाई का मौसम अपडेट
30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा समेत कई पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।
31 जुलाई का मौसम अपडेट
31 जुलाई को पौड़ी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
1 अगस्त का मौसम अपडेट
1 अगस्त को पिथौरागढ़ और चंपावत में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सभी पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।