देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और पहाड़ी इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
7 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
देहरादून में अचानक बदला मौसम
राजधानी देहरादून में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और हल्की बारिश ने लोगों को चौंका दिया। कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
काशीपुर रहा सबसे गर्म शहर
मैदानी जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। मंगलवार को काशीपुर 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि बीच-बीच में हो रही बारिश लोगों को राहत पहुंचा रही है।