आज योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी और कई मंत्रियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी और राज्य में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया।
मैं जनता को हृदय से बधाई देता हूं
यूपी के सीएम योगी ने राज्य सरकार के 9 साल पूरे होने पर कहा कि, मैं सभी बीजेपी के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इन 9 वर्षों में जो भी परिवर्तन उत्तर प्रदेश में हुआ है। सीएम ने आगे कहा कि, हमारी सरकार जो भी करने में सफल हुई है, वो जनता के सहयोग का प्रतिफल है। मैं नवनिर्माण के इन 9 वर्षों के लिए पूरे प्रदेश की जनता को हृदय से बधाई देता हूं।
राज्य में कर्फ्यू का भय नहीं...
उन्होंने कहा कि, कल से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है, इस दौरान रमजान का महीना भी चल रहा है। परसों अलविदा की नमाज होगी और 20 या 21 को ईद भी हो सकती है। कहीं कोई हलचल है क्या? शालीनता के साथ सारे पर्व और त्योहार मनाए जा रहे हैं, कहीं कोई हलचल नहीं। यही है सुरक्षा। कल से त्योहार है, लोगों में खुशी है। कोई भय, तनाव, अराजकता, अव्यवस्था, कर्फ्यू का भय नहीं, दंगे का भय नहीं।
हमने प्रदेश को फिरकों में बांट कर नहीं देखा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, हमने प्रदेश को फिरकों में बांट कर नहीं देखा। हमने जातीय चश्मे से नहीं देखा। हमने क्षेत्रीय चश्मे से नहीं देखा। हमारे लिए तो उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही परिवार थी और परिवार भाव के साथ उसकी समृद्धि के लिए सरकार ने कदम बढ़ाए। उन्होंने आगे कहा कि, हमने पीएम मोदी को 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने का न्योता भेजा है।
9 वर्ष उत्तर प्रदेश के बदलाव के हैं
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, 9 वर्ष बहुत ऐतिहासिक हैं। 9 वर्ष उत्तर प्रदेश के बदलाव के हैं, विश्वास के हैं, विकास के हैं गरीब कल्याण के हैं, महिला सशक्तिकरण के हैं... भाग्य बदल देने का काम हमारी सरकार ने किया है।
उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि, उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। एक बीमारू प्रदेश से निकालकर एक अत्यंत विकाशील प्रदेश के रूप में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है। जिसके श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है।
हर प्रकार से उत्थान के लिए कार्य हो रहे
योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे पर मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में, प्रधानमंत्री के दिशा निर्देश में उत्तर प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश के जनमानस के लिए हर प्रकार से उत्थान के लिए कार्य करने के लिए तैयार है।
9 वर्ष पूरे किए हैं उसे हम बेमिसाल कह सकते हैं
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और RLD नेता अनिल कुमार योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे पर कहा कि, उत्तर प्रदेश सरकार ने आज जो 9 वर्ष पूरे किए हैं उसे हम बेमिसाल कह सकते हैं। किसी भी सरकार के लिए कानून-व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होती है। उसको लेकर मुख्यमंत्री और NDA सरकार को प्रदेश की जनता ने दोबारा मौका दिया।
9 साल की उपलब्धियों पर गोष्ठी होगी
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि, 9 सालों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को लेकर जन जागरण करने का काम हम करेंगे। प्रत्येक जिले में अपने-अपने परिवार के जनपदों में भी मंत्रिगण 9 साल की उपलब्धियों पर गोष्ठी, प्रदर्शनी और प्रेस वार्ता करने का काम करेंगे।