आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चारधाम ट्रांजिट कैंप में सीडीओ अभिनव शाह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी देहात जया बलूनी नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीडीओ अभिनव शाह ने की बैठक
बैठक के दौरान सीडीओ अभिनव शाह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अवैध कब्जे न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी बड़ी समस्या बन सकते हैं। इसलिए संबंधित विभागों को अभियान चलाकर जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ट्रांजिट कैंप और यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई पेयजल शौचालय यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का भरोसा
एसपी देहात जया बलूनी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए वहीं नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने नगर क्षेत्र में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं और समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।