मथुरा में ईद के दिन ब्रज के प्रसिद्ध गौरक्षक बाबा चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत ने शनिवार सुबह भारी तनाव और हिंसा को जन्म दिया। घटना थाना कोसीकलां के अंतर्गत कोटवन चौकी क्षेत्र में तड़के करीब 4 बजे हुई।
हादसा कोहरे के कारण हुआ
पुलिस का कहना है कि यह हादसा कोहरे के कारण हुआ, जिसमें एक ट्रक ने बाबा की गाड़ी को टक्कर मारी। वहीं, समर्थक इसे सोची-समझी हत्या मान रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि तीन हमलावरों ने बाबा का पीछा कर उन्हें मारा। समर्थकों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।
गौरक्षकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे किया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में गौरक्षक और स्थानीय ग्रामीण दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
सीएम योगी ने दिए कड़े आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) तैनात किया गया।
दिल्ली-आगरा हाईवे पूरी तरह हुआ ठप
घटना के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और गौरक्षकों के बीच वार्ता जारी है ताकि हाईवे को सुचारू रूप से खोला जा सके और स्थिति सामान्य हो। यह मामला मथुरा जैसे संवेदनशील जिले में ईद के दिन होने के कारण और भी गंभीर रूप ले चुका है। प्रशासन ने चेताया है कि किसी भी बाहरी तत्व को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Comments (0)