पश्चिम बंगाल में चुनावी तारीखें नजदीक आते ही सियासी माहौल गरमा गया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों ही दल एक-दूसरे पर लगातार निशाना साध रहे हैं, जिससे राज्य में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।
सुवेंदु ने कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की
इसी बीच पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता स्थित कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। माता के दर्शन करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला।
ममता बनर्जी के पोस्टर लगे हुए हैं
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि, सभी का कल्याण हो। मां का आशीर्वाद भाजपा और मुझ पर बना रहे। मां मुझे शक्ति दे कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की जनता के हित में काम कर सकूं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने और उम्मीदवार घोषित होने के बाद भी ममता बनर्जी के पोस्टर लगे हुए हैं। इस पर उन्होंने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत तय है
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि राज्य में “परिवर्तन की लहर” चल रही है और आगामी चुनाव में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में “अत्याचार” हुआ है और “लव जिहाद, जमीन जिहाद और वोट जिहाद” जैसे मुद्दे सामने आए हैं।
भाजपा राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है
गौरतलब है कि जहां भाजपा राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। ऐसे में पश्चिम बंगाल का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होता जा रहा है।
Comments (0)