कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (PA) सुमित रॉय को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति और कानूनी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सुमित रॉय की पत्नी ने आशंका जताई है कि उनके पति को फर्जी एनकाउंटर में मारा जा सकता है। इसी खतरे का हवाला देते हुए उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और मामले की जल्द सुनवाई की मांग की। हालांकि, मंगलवार को अदालत ने तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की और मामले को नियमित पीठ के समक्ष रखने का निर्देश दिया।
हाई कोर्ट ने क्यों ठुकराई तत्काल सुनवाई की मांग?
मंगलवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की खंडपीठ के सामने मामले में जल्द सुनवाई का अनुरोध किया गया था। याचिकाकर्ता की ओर से सुमित रॉय की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई गई। हालांकि, अदालत ने तत्काल सुनवाई की अनुमति देने से इनकार करते हुए निर्देश दिया कि मामले को नियमित पीठ के समक्ष रखा जाए। इस घटनाक्रम के बाद अब सबकी नजर नियमित पीठ में होने वाली सुनवाई पर टिकी है।
पत्नी का आरोप- पैसे की बरामदगी से सुमित को जोड़ने की कोशिश
सुमित रॉय की पत्नी का आरोप है कि उनके पति को फंसाने के लिए नकदी बरामदगी की घटना को उनके साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा है कि पुलिस बरामद हुए पैसों के मामले में सुमित को जिम्मेदार ठहराना चाहती है, जबकि उस नकदी से उनका कोई संबंध नहीं है। याचिका में इस पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग भी की गई है।
डायमंड हार्बर के पार्टी कार्यालय से मिले थे एक करोड़ रुपये से अधिक
इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में डायमंड हार्बर का वह मामला है, जिसमें पिछले गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे।
डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मजूमदार के मुताबिक, पुलिस ने दावा किया था कि अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय से पूछताछ के बाद इस नकदी का पता चला। हालांकि, अभिषेक बनर्जी ने पुलिस के इस दावे को खारिज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना सुनियोजित तरीके से तैयार की गई है।
अभिषेक बनर्जी भी लगा चुके हैं गंभीर आरोप
इस मामले को लेकर अभिषेक बनर्जी ने भी पुलिस पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके निजी सहायक सुमित रॉय को एनकाउंटर में मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही, उन्हें उनके खिलाफ बयान देने के लिए दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है।