कोलकाता: सोशल मीडिया पर किए गए एक पुराने पोस्ट को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता पुलिस ने समन भेजा है। उन्हें शनिवार दोपहर 12:30 बजे तक भवानीपुर थाने में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला अभिषेक बनर्जी के 2 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। इस पोस्ट में उन्होंने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए कथित तौर पर उन्हें 'बंगाल विरोधी गुजराती गैंग की कठपुतली' बताया था। इसी टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
भवानीपुर के निवासी ने दर्ज कराई थी शिकायत
अभिषेक बनर्जी की इस पोस्ट के सामने आने के बाद भवानीपुर निवासी अर्णबकांति दास ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक निर्वाचित सांसद होने के नाते अभिषेक बनर्जी ने संविधान और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने की शपथ ली है। इसके बावजूद उन्होंने कथित तौर पर पूरे गुजराती समुदाय को 'गैंग' या आपराधिक गिरोह के रूप में पेश किया।
शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की टिप्पणी से एक विशेष समुदाय का अपमान होने के साथ-साथ देश की बहुलतावादी संस्कृति और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
27 मई को BNS की कई धाराओं में दर्ज हुई FIR
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने 27 मई को अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
आरोपों में समाज में वैमनस्य फैलाने, हिंसक स्थिति को बढ़ावा देने, सार्वजनिक जीवन में अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश, राज्य के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने और अफवाह फैलाने जैसी धाराएं शामिल बताई गई हैं।
इसी FIR की जांच के सिलसिले में अब पुलिस अभिषेक बनर्जी से पूछताछ करना चाहती है। इसी वजह से उन्हें भवानीपुर थाने में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
एक दिन पहले भी अभिषेक के घर पहुंचा था पुलिस का नोटिस
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अलग-अलग शिकायतों को लेकर कई मामले दर्ज किए गए हैं।
भवानीपुर थाने के समन से ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को भी एक अन्य मामले में पुलिस उनके घर नोटिस लेकर पहुंची थी।
यह मामला गिरिश पार्क थाने में दर्ज एक अलग FIR से जुड़ा है, जिसमें तृणमूल सांसद पर पुलिस को धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में उन्हें आगामी 20 नवंबर को थाने में पेश होने के लिए कहा गया है।
अब भवानीपुर थाने में पेशी पर टिकी नजरें
लगातार दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद बंगाल की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अभिषेक बनर्जी शनिवार को निर्धारित समय के भीतर भवानीपुर थाने में व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे? फिलहाल सभी की नजरें उनके अगले कदम पर टिकी हैं।