1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG सिलेंडर के सब्सिडी वाले रिफिल के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) जरूरी हो जाएगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं ने BAA पूरा नहीं किया है, उन्हें सब्सिडी के साथ रेगुलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस (RSP) पर रिफिल बुक करने के लिए पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
BAA नहीं कराया तो क्या होगा?
सरकार के अनुसार, BAA पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को LPG मिलना बंद नहीं होगा। हालांकि, सब्सिडी वाले रिफिल की सुविधा BAA पूरा होने के बाद ही मिलेगी। जो ग्राहक BAA नहीं कराना चाहते या इसे पूरा करने में असमर्थ हैं, वे अपनी पसंद दर्ज कराने के बाद उपलब्धता के आधार पर 5 या 10 किलो के सिलेंडर बाजार मूल्य पर, बिना सब्सिडी के ले सकते हैं।
जिनका BAA हो चुका, उन्हें दोबारा जरूरत नहीं
जिन LPG उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें इसे दोबारा कराने की जरूरत नहीं है। ऐसे ग्राहकों की रिफिल व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।
27.43 करोड़ उपभोक्ता करा चुके हैं ऑथेंटिकेशन
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर 2026 तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता, यानी करीब 89.9%, BAA पूरा कर चुके थे। सरकार ने उपभोक्ताओं को पहले 30 जून तक BAA पूरा करने को कहा था, जिसके बाद समय-सीमा कई बार बढ़ाई गई और अंतिम समय-सीमा 14 सितंबर 2026 रखी गई।
घर बैठे भी कर सकते हैं BAA
LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन कई तरीकों से पूरा कर सकते हैं—
सिलेंडर डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के जरिए।
LPG डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर।
संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे।
इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक HelloBPCL और HP गैस ग्राहक HP PAY ऐप से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।