सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, हम सभी सौभाग्यशाली हैं की हमारी संस्कृति में युवाओं का सबसे बड़ा महत्व है। हमारे यहां तो देवी देवताओं की भी जयंती मानने की परंपरा है उनके युवा रूप से हमे ऊर्जा मिलती है। हमारी संस्कृति में तो खेलों को हर जगह स्थान मिला है। विवाह के लिए भी स्वयंवर की परंपरा थी जिसमे अलग अलग प्रतिस्पर्धाएं होती थीं। महाभारत में अर्जुन हो या फिर प्रभु राम सभी ने स्वयंवर में कठिन प्रतिस्पर्धा जीती हैं। अब तो राम का युग फिर से आ गया है।
मोदी जी का जीवन देशवासियों को प्रेरित कर रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरे विश्व में अपनी गरिमा बढ़ाने में सफल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देशवासियों को प्रेरित कर रहा है। वे अपने निर्णयों से रोमांचित करते हैं। युवा हो या बुजुर्ग सभी वर्गों से आसानी से जुड़ जाते हैं। उनके नेतृत्व में भारत रक्षा के क्षेत्र में, खेल के क्षेत्र में और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत सर्वाधिक युवाओं वाले देशों में से एक है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन के महत्व को विश्व में स्थापित किया। उन्होंने कठिन दौर में भी संन्यास ग्रहण करने के बाद शिक्षा ग्रहण करते-करते स्वामी रामकृष्ण परमहंस के मार्गदर्शन में धर्म और आध्यात्मिक का अध्ययन किया। उन्होंने विश्व के समक्ष भारत की विशेषताओं को उजागर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। सामूहिक सूर्य नमस्कार के अवसर पर मध्य प्रदेश गान भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान जन गण मन हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरुण शमी और आयुक्त श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं।
हम आज उत्कृष्ट परफॉर्मेंस कर रहे
ज्ञान विज्ञान से लेकर जहां भी सरकार का दखल हो सकता है की वहां देश आदर्श बन रहा है। एशियाई खेलों से लेकर ओलंपिक्स तक सभी में हम आज उत्कृष्ट परफॉर्मेंस कर रहे है। विज्ञान में भी चांद के बाद अब सूर्य तक पहुंच गए हैं। मध्यप्रदेश में खेलों के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी जो प्रस्ताव खेल विभाग से आएगा उसे अक्षरशः पास कर दिया जायेगा।
Comments (0)