प्रदेश में मौसम का हालात तेजी से बदल रहे हैं। जनवरी के तीसरे सप्ताह में ही गर्मी के लक्षण दिखने लगे हैं। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ऊपर चला गया है, वहीं रात की ठंड भी कमजोर पड़ रही है और न्यूनतम तापमान में लगातार 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रहा। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हुई, लेकिन दिन के समय तेज धूप ने गर्मी का असर बढ़ा दिया।
अगले दो दिन और बढ़ सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक रात का तापमान 2 से 3 डिग्री गिरने की संभावना है।प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर जरूर दिखा, लेकिन कुल मिलाकर ठंड का प्रभाव कमजोर होता जा रहा है।
दुर्ग-राजनांदगांव में सबसे ज्यादा गर्मी
प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान दुर्ग और राजनांदगांव में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
बिलासपुर: दिन 30.6, रात 12.6 डिग्री
पेंड्रारोड: दिन 29, रात 11.6 डिग्री
जगदलपुर: दिन 31.4, रात 10 डिग्री
दुर्ग: दिन 32, रात 9.6 डिग्री
20 जनवरी को धुंध के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी को रायपुर में सुबह के समय धुंध रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवा की गति कम रहने से ठंड का असर सीमित रहेगा।
Comments (0)