मध्यप्रदेश में सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि रात की ठंड का असर अब भी बना हुआ है। सोमवार को सबसे अधिक तापमान मंडला में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान कटनी जिले के करौंदी में 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह के समय ग्वालियर जिले में हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऊपरी स्तर पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 270 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।
दो नए पश्चिमी विक्षोभ होंगे सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बुधवार से उत्तर-पश्चिमी भारत में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनके प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
8 जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। हालांकि बादलों की आवाजाही से ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
Comments (0)