एमपी के सतना में कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा है। बता दें कि, सतना नगर निगम में मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस पार्षद माया कौल, अर्चना अनिल गुप्ता, पूर्व पार्षद केएल यादव और अनिल गुप्ता ने आज यानी की गुरुवार को बीजेपी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली हैं।
सतना नगर निगम अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा
आपको बता दें कि, इससे पहले कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा सहित कांग्रेस नेताओं ने थाने में माया कौल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दरअसल, सतना नगर निगम अध्यक्ष के खिलाफ दो दिन पहले अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। जहां कांग्रेस के 18 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जिला कलेक्टर को प्रस्ताव सौंपा था। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी पद की गरिमा के तहत काम नहीं कर रहे और उनके पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
सतना नगर निगम में अब बीजेपी के कुल 26 पार्षद
दरअसल, सतना नगर निगम में 45 पार्षद हैं, इसमें से 18 पार्षद कांग्रेस के हैं। पूर्व में कांग्रेस के 21 पार्षद थे, लेकिन 3 पार्षद पूर्व में ही 4 माह पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं।
जबकि 3 निर्दलीय हैं। वहीं कांग्रेस पार्षदों को पार्टी में शामिल कराने के बाद भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि, दोनों पार्षद भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल हुए हैं। कुछ लोगों द्वारा सतना में सियासी उठापटक करने का प्रयास किया था, शायद इससे उन्हें जवाब मिल गया होगा।
वीडी शर्मा ने साधा दिग्विजय सिंह पर निशाना
इसके अलावा एमपी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। खजुराहों से बीजेपी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि, पाकिस्तान प्रेम के लिए राहुल गांधी ही नहीं बल्कि दिग्विजय सिंह का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
Comments (0)