भोपाल।नायरा एनर्जी ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की। मध्य प्रदेश में कंपनी ने पेट्रोल के दाम ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल ₹119.81 प्रति लीटर और डीजल ₹102.59 प्रति लीटर हो गया है।
प्रदेश में नायरा एनर्जी के करीब 275 पेट्रोल पंप हैं। इन पंपों पर रोजाना करीब 9 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की खपत होती है। वहीं, राजधानी भोपाल में कंपनी के 11 पेट्रोल पंप संचालित हैं।
एक दिन में ₹5 महंगा हुआ पेट्रोल
पंप संचालक के मुताबिक, शुक्रवार को भोपाल में नायरा का पेट्रोल ₹114.81 प्रति लीटर और डीजल ₹99.59 प्रति लीटर था। शनिवार को नई कीमतें लागू होने के बाद पेट्रोल बढ़कर ₹119.81 और डीजल ₹102.59 प्रति लीटर हो गया।इस तरह पेट्रोल की कीमत में ₹5 और डीजल की कीमत में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर
नायरा एनर्जी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। कंपनी ने कहा कि रिटेल कीमतों और बढ़ती लागत के बीच के अंतर को कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
मार्च में भी बढ़ाए थे पेट्रोल-डीजल के दाम
नायरा एनर्जी ने इस साल मार्च में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। 26 मार्च को कंपनी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था।इसके बाद पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने पर कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की थी। उस समय पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया गया था।अब एक बार फिर नायरा ने दोनों ईंधनों के दाम बढ़ा दिए हैं।
IOC, BPCL और HPCL के रेट में बदलाव नहीं
नायरा की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के रेट फिलहाल स्थिर हैं।
भोपाल में इन कंपनियों के पेट्रोल की कीमत करीब ₹114.54 प्रति लीटर और डीजल की कीमत करीब ₹99.64 प्रति लीटर बताई गई है। जियो ने भी फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है।