वर्ष 2024-25 के ग्वालियर व्यापार मेले का औपचारिक शुभारंभ 25 दिसंबर को हो चुका है। इसे 60 दिन की अवधि के मुताबिक 25 फरवरी तक लगाया जाना है। आमतौर पर मेले के औपचारिक शुभारंभ के बाद अतिथियों के साथ इसका उद्घाटन भी किया जाता है। अभी तक मेले के उद्घाटन का फीता 7 जनवरी तक काट दिया जाता था, लेकिन इस बार 10 जनवरी बीतने के बाद भी तारीख तय तक नहीं हो सकी है। हर साल मेला उद्घाटन के कार्ड भी छपवाए जाते हैं, लेकिन इस बार ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण ने कार्ड भी नहीं छपवाए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार मेले का उद्घाटन शायद नहीं हो पाए।
वहीं मेले के ऑटोमोबाइल सेक्टर में वाहन खरीदी पर रोड टैक्स में मिलने वाली 50 फीसदी छूट का गजट नोटिफिकेशन शुक्रवार को भी जारी नहीं हो पाया। ऐसे में ऑटोमोबाइल कारोबारी खासे परेशान हैं क्योंकि मेला अवधि 25 फरवरी तक ही है। इस हिसाब से 17 दिन बीत चुके हैं, अब उनके पास केवल 46 दिन का समय ही शेष बचा है।
व्यापारी संघ के दल ने संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मेले के ऑटोमोबाइल सेक्टर में रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट दिए जाने का गजट नोटिफिकेशन तत्काल जारी कराने की मांग की।