Bhopal | अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, अधिकार और सामाजिक सहभागिता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था: वृद्ध नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” रखी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सम्मान देने के साथ उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखना और उनकी देखभाल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करना है।
100 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को ‘शतायु सम्मान’
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को ‘शतायु सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के दौरान शतायु वरिष्ठजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ जीवन और समाज में दिए गए योगदान का अभिनंदन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित किया गया है।
वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों से संवाद करेंगे जनप्रतिनिधि
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि वृद्धाश्रमों में निवासरत वरिष्ठजनों तथा अन्य बुजुर्गों से संवाद करेंगे। कार्यक्रमों के जरिए वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं, जरूरतों और अनुभवों को समझने पर भी जोर दिया जाएगा।
कैरम, लूडो और शतरंज समेत कई गतिविधियां
वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और मनोरंजन के लिए विभिन्न जिलों में कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत और अन्य इंडोर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सरकार के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सामाजिक रूप से सक्रिय रखना और उनके बीच संवाद एवं सहभागिता का वातावरण तैयार करना है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाए जाएंगे स्वास्थ्य शिविर
वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला चिकित्सालय, सिविल डिस्पेंसरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच समन्वय किया जाएगा। शिविरों में ब्लड प्रेशर, मधुमेह, आंखों की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बुजुर्गों को डिजिटल सेवाओं की ट्रेनिंग
बदलते डिजिटल दौर में वरिष्ठ नागरिकों को तकनीक के इस्तेमाल में सक्षम बनाने के लिए मोबाइल फोन, इंटरनेट, कंप्यूटर और डिजिटल सेवाओं से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य वरिष्ठजनों को डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित और सहज उपयोग करने में सक्षम बनाना है।
अधिकार और एल्डरलाइन 14567 की जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उनकी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित एल्डरलाइन हेल्पलाइन 14567 के बारे में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। राज्य और जिला स्तर पर होने वाले इन आयोजनों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता, अधिकारों और बदलते डिजिटल परिवेश में उनकी भागीदारी को प्रमुखता दी जाएगी।