Bhopal: प्रदेश में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India 2022) में तैराकी की शुरुआत हो गई है। पहले दिन मंगलवार को छह इवेंट के फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें सबसे अधिक चर्चा वेदांत माधवन की रही। अभिनेता आर. माधवन के बेटे वेदांत महाराष्ट्र का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं। उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था, मैं खुद की पहचान बनाना चाहता हूं, स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने यह बात साबित कर दी।
मध्य प्रदेश रहा अंतिम स्थान पर
पहले दिन महाराष्ट्र और कर्नाटक के खिलाड़ी छाए रहे। प्रकाश तरण पुष्कर में मंगलवार को आयोजित तैराकी प्रतियोगिता (Khelo India 2022) में पुरुष वर्ग की 200 मीटर फ्रीस्टाइल में महाराष्ट्र के वेदांत माधवन ने 1:55.39 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। गुजरात के देवांश परमार ने रजत व राजस्थान के युग चेलानी ने कांस्य पदक जीता। मध्य प्रदेश के प्रांजल पांडे अंतिम स्थान पर रहे। महिला वर्ग में कर्नाटक का दबदबा रहा। हषिका सिंह ने स्वर्ण व धीनिधी देसिंघु ने रजत पदक जीता। तमिलनाडु की शक्ति ने कांस्य पदक जीता।
पुरुषों की 100 ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में राजस्थान ने मारी बाजी
पुरुषों की 100 ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में राजस्थान की अभिनंदन खंडेलवाल ने स्वर्ण, तमिलनाडु के जशुआ थामस ने रजत व महाराष्ट्र के अर्जुनवीर गुप्ता ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में महाराष्ट्र की अपेक्षा फर्नांडेस ने स्वर्ण, कर्नाटक की मानसी वर्मा ने रजत व एस लक्ष्या ने कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग की 50 मीटर बटरफ्लाई में महाराष्ट्र शुभंकर पाटकी ने स्वर्ण, असम के जहानजोय ज्योति हजारिका ने रजत व तमिलनाडु के श्याम सुंदरराजन ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में कर्नाटक की नीना वेंकटेश ने स्वर्ण पदक, बंगाल के निलाब्जा घोष ने रजत व पंजाब की जसनूर कौर ने कांस्य पदक जीता।
Comments (0)