Bhopal | राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक सेवा और राष्ट्र गौरव का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता के साथ बच्चों और प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों के जरिए देश के प्रति अपनी भावना व्यक्त की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मानव श्रृंखला से बनाया भारत का नक्शा
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मानव श्रृंखला के जरिए भारत का नक्शा तैयार करना रहा। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने एक साथ खड़े होकर देश का मानचित्र बनाया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया गया। टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ छोड़े रंग-बिरंगे गुब्बारे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्चों के साथ आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने रंगोली प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में रंगोली के जरिए भी देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की थीम को प्रदर्शित किया गया।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और बीजेपी जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके राजनीतिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।
‘भारत की उपलब्धि पर सभी को गर्व’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत आज दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और लोकतंत्र के मंदिर में देश गर्व के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियां प्रत्येक भारतीय के लिए खुशी और गर्व का विषय हैं। कार्यक्रम के जरिए सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सहभागिता को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया गया। रंगोली प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला और गुब्बारे छोड़ने जैसी गतिविधियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया।