Reaction on Budget: आज 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Union Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने बजट पेश किया है। जिसमें हर वर्ग के लोगों के लिए कई अहम ऐलान किए गए हैं। देशभर में आज आम बजट (Budget 2023) को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। वहीं अब ऐलान के बाद कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने बजट की तारीफ की और वित्त मंत्री को शुभकामनाएं दी। वहीं पूर्व सीएम कमलनाथ (Kamal Nath) ने भी बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि, 'अमृतकाल में वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। छूट की सीमा में वृद्धि और नई कर व्यवस्था में बदलाव से लोगों के हाथ में ज्यादा पैसा बचेगा, खपत बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी। यह देश की GDP में उनके निस्वार्थ योगदान का सम्मान करता है। सीएम शिवराज ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली भारत के निर्माण का महायज्ञ चल रहा है। गरीब कल्याण संकल्प उसके लिए भी अनेकों कार्यक्रम चल रहे हैं। ये बजट देश को और आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, अमृतकाल में आयकर दरों में बहुप्रतीक्षित बदलाव के लिए पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करता हूं। यह सही अर्थों में जन भावनाओं का सम्मान कर नागरिकों व राष्ट्र के हित में फैसले लेने वाली सरकार है।' वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारामण ने कहा कि देश की आजादी के अमृतकाल का ये पहला बजट है। बजट में हमारी सरकार ने हर वर्ग तक पहुंचने की कोशिश की है। हमारी कोशिश युवाओं और सभी वर्ग के लोगों तक आर्थिक मजबूती पहुंचाने की है।
कमलनाथ ने किया ट्वीट
पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए लिका कि, वित्त मंत्री का बजट भाषण सरकार के पुराने वादों पर जुमलो का पर्दा डालने का प्रयास लग रहा है। हमें आशा थी कि वित्त मंत्री निर्मला उन घोषणाओं पर प्रकाश डालेंगी, जो 2022 में पूरी होनी थी। 2022 में किसानों की आमदनी दुगनी होनी थी। 2022 में हर गरीब को आवास उपलब्ध होना था। 2022 में देश में बुलेट ट्रेन चलनी थी। लेकिन वित्त मंत्री ने इन घोषणाओं के पूरे ना होने के बारे में ना कोई वजह बताई और ना ही देश की जनता से माफी मांगी। स्पष्ट है कि सरकार भविष्य के खोखले सपने दिखाकर वर्तमान की जटिल परिस्थितियों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। यह प्रवृत्ति देश और अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी नहीं है।
ओपीएस भदोरिया ने कहा
वहीं केंद्रीय बजट पर प्रदेश के राज्य मंत्री ओपीएस भदोरिया ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री ने जो बजट पेश किया है, वह अभूतपूर्व है, ऐतिहासिक है। यह बजट किसानों की स्थिति का कायाकल्प करने वाला है। इसका परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा। आज विश्व में देश की जो स्थिति है वह बहुत अच्छी है। इस बजट में कृषि में बदलाव, किसानों की मदद करने के लिए स्टार्टअप, खेती को प्रोत्साहन के लिए लाखों करोड़ का प्रावधान रखा है। कृषि के क्षेत्र में भारत दुनिया का समृद्ध देश बनने वाला है। प्रधानमंत्री जी ने देश के अमृत महोत्सव काल में जो सौगात दी है, वह पूरे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।
Comments (0)