मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज बैतुल पहुंचे। आमला के ग्राम चुटकी में उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के पक्ष में वोट की अपील की। कमलनाथ ने कहा कि बैतूल वाले मेरे पड़ोसी हैं। यहां आकर बहुत खुशी होती है। रामू टेकाम को मैंने चुना है।
इतिहास बदलना है तो मुझ पर विश्वास करिए - कमलनाथ
कमलनाथ ने कहा कि, अगर आपको इतिहास बदलना है तो मुझ पर विश्वास करिए। यहां के विकास की जिम्मेदारी मेरी है। मैं 40 साल तक सांसद रहा। मैंने कभी मौजूदा सांसद दुर्गादास उइके का नाम संसद में नहीं सुना। आज संविधान से छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा संविधान को बदलना चाहती है।
क्या राम मंदिर का पट्टा बीजेपी के पास है…
कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने सीएम रहते हुए 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। बैतूल में 85 हजार किसानों का कर्ज माफ किया। भाजपा भगवान राम की बात करती है कि राम मंदिर हमने बनवाया। क्या राम मंदिर का पट्टा आपके पास है। राम मंदिर आम जनता के चंदे से बना है। हम धर्म को राजनीतिक मंच पर नहीं लाते। हमने 101 फुट ऊंचा हनुमान मंदिर बनवाया लेकिन अपनी निजी भूमि में बनवाया। सरकार से मदद नहीं ली।
30 साल से बंधुआ बनकर रहे हैं अब आजाद बनिए
कमलनाथ ने आगे कहा कि हमने छिंदवाड़ा में कई स्किल सेंटर बनवाए और युवाओं को रोजगार दिया। छिंदवाड़ा के बाजारों में आज रोशनी है। रामू का साथ देने के पहले सच्चाई का साथ देना। बैतूल वाले 30 साल से बंधुआ बनकर रहे हैं अब आजाद बनिए। उन्होंने कहा बैतूल का उतना ही ख्याल रखूंगा जितना छिंदवाड़ा का रखा है। मुझे यकीन है कि आप ऐसा फैसला लेंगे की आपका भविष्य सुरक्षित रहे।
Comments (0)