मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी में बीती रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद आज सुबह से पूरा शहर पूरी तरह बंद है। हालांकि, शहरवासियों ने ये स्वेच्छिक बंद रखा है। वहीं, शासकीय और अशासकीय विद्यालयों की छुट्टी रखी गई है। शहर में तनाव के हालात को मद्देनजर रखते हुए चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिसबल तैनात है। उपद्रव के मामले में अब तक कुल तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। फिलहाल, अन्य एफआईआर दर्ज होने की बात भी कही जा रही है। यही नहीं, शाजापुर कलेक्टर द्वारा मक्सी में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस टीम उपद्रवियों की निशानदेही कर धरपकड़ में भी जुटी हुई है।
घटना के बाद प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शहर के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। वहीं, कांग्रेस ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाजापुर के मक्सी में भाजपा की सदस्यता अभियान से शुरू हुआ विवाद बुधवार रात को हिंसक झड़प में बदल गया। नगरपति हनुमान मंदिर के पास पुराने थाने के सामने दो पक्षों में गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते पथराव होने लगा। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें 1 शख्स की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इंदौर रेफर किया गया है। जबकि अन्य 6 का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है।
मक्सी में रात को हुए विवाद के अगले दिन शहर बंद है। कलेक्टर ने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
Comments (0)