रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आज शाम रायपुर पहुंच चुके हैं। वे शाम विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से वे सीधे एक निजी होटल के लिए रवाना हो गए, जहां रात्रि विश्राम करेंगे अपने दौरे के दौरान अमित शाह नक्सलवाद और बस्तर के विकास को लेकर अहम बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
नक्सलवाद पर हाई लेवल मीटिंग कल
8 फरवरी को सुबह 11 बजे से बैठकों का दौर शुरू होगा। शाम 5 बजे तक नक्सलवाद (LWE) पर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक होगी। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, गृह सचिव और अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी भी शामिल रहेंगे। बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ रणनीति और विभिन्न विभागों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा बैठक में बस्तर के विकास को लेकर एक विशेष प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक अमित शाह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे निजी होटल में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
9 फरवरी को बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल
9 फरवरी को अमित शाह सुबह 11 बजे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से बस्तर पंडुम के कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 12:05 से शाम 4 बजे तक वे बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर पंडुम में शामिल होंगे और LWE से जुड़ी अहम बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि अमित शाह को बस्तर में नक्सलवाद के साथ-साथ विकास की भी गहरी चिंता है, इसी को लेकर कल विस्तृत चर्चा होगी।
Comments (0)