मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बहाने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है। एमपी के मुरैना पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के निमंत्रण को लेकर कहा है कि, जब शंकराचार्य को ही नहीं बुलाया तो फिर कांग्रेस निमंत्रण कैसे स्वीकार करे।
बीजेपी ने राम मंदिर को इवेंट बना लिया है
एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में आगे कहा है कि, मंदिर हम सबके चंदे से बन रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने राम मंदिर को सिर्फ एक इवेंट बना लिया है, इसलिए वह अपने आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद के लोगों को धर्म के नाम पर आगे करती है और हिंदू मुसलमान को लड़ाया जाता है।
बीजेपी भगवान राम को बांटने की कोशिश कर रही हैं
उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी देश में सभी जातियों को लड़ाने का काम कर रही है। इन्होंने पहले धर्म के नाम पर हिंदू और मुसलमान को बांटा अब भगवान राम को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। फूट डालो शासन करो जो ब्रिटिश हुकूमत की पॉलिसी थी वही काम अब बीजेपी कर रही है। पूर्व सीएम ने अपने बयान में आगे कहा कि, कांग्रेस ने पहले अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी। अब कांग्रेस बीजेपी से लड़ाई लड़ेगी, क्योंकि कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ाई लड़ती रही है और लड़ेगी।
चंपत राय कौन हैं ?
कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, चंपत राय कौन हैं ? चंपत राय विश्व हिंदू परिषद के प्रचारक हैं, जिन्होंने भूमि घोटाला भी किया है। ऐसे व्यक्ति को राम मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख बना दिया गया है। पूर्व सीएम ने कहा कि, वहां की पूजा निर्मोही अखाड़ा करता था उनका अधिकार क्यों छीन लिया गया ?
Comments (0)