मध्य प्रदेश में BJP का सदस्यता अभियान का पहला चरण कल पूरा हो गया। मध्य प्रदेश ने देश भर में टॉप 5 में जगह बनाई। पार्टी ने इसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को टारगेट दिया था। इस अभियान के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसकी वजह से यह पूरा आयोजन विवादों में आ गया। वहीं बीजेपी के सदस्यता अभियान को कांग्रेस ने फर्जी करार दिया हैं।
बीजेपी के सदस्य्ता अभियान को कांग्रेस ने बताया फर्जी
बीजेपी के एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाने के दावे पर एक कांग्रेस के सीनियर नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गम्भीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया साइट 'X' पर वीडियो जारी कर कहा कि, जैसा फर्जी #BJP का सदस्यता अभियान, वैसा ही फर्जी पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा का बयान भी है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा जी मीडिया में आने वाली खबरों को झूठा बता रहे है। आए दिन मीडिया में खबरें आ रही है कि जबरन जनता को धमका कर, सरकारी तंत्र का प्रयोग करके भाजपा अपना फर्जी सदस्यता अभियान चला रही है।
क्या वीडी शर्मा जी मारपीट कर सदस्य बनाने को सही मानते हैं?
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आगे कहा कि, उज्जैन में आउटसोर्स कर्मचारियों को भाजपा का सदस्य बनाने का काम दे दिया गया जिससे जनता के कार्य को रोका गया। सरकारी राशन की दुकान हो, सरकारी कॉलेज हो या हॉस्पिटल हो सभी जगह भाजपा का फर्जी सदस्यता अभियान चल रहा है। जनता परेशान है। सार्वजनिक स्थानों को भाजपा कार्यालय में तब्दील कर दिया गया है। क्या यह जन व्यवस्था और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग नहीं? क्या वी डी शर्मा जी मारपीट कर, सदस्य बनाने को सही मानते हैं?