छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही क्षेत्र में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में गुरुवार सुबह विस्फोट हो गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह 9.40 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विस्फोट सुबह करीब 9.40 बजे प्लांट की कोल भट्टी (कोल किल्न) में हुआ। डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में हुए ब्लास्ट के दौरान गर्म कोयला और मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे कई मजदूर झुलस गए। धमाके के बाद प्लांट परिसर में धुएं का गुबार फैल गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 5 मजदूरों को बिलासपुर बर्न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों के नाम
मोताज अंसारी (26) – कारपेंटर
सराफत अंसारी (32) – कारपेंटर
साबिर अंसारी (37) – कारपेंटर
कल्पू भुइया (51) – हेल्पर
रामू भुइया (34) – हेल्पर
प्लांट सील, जांच जारी
घटना की सूचना पर कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रियल स्टील स्पंज आयरन प्लांट को सील कर दिया गया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या दबाव के कारण विस्फोट होने की संभावना जताई गई है।
स्पंज आयरन प्लांट की प्रक्रिया
स्पंज आयरन प्लांट में लौह अयस्क से डायरेक्ट रिडक्शन तकनीक के जरिए स्पंज आयरन तैयार किया जाता है। इसमें कोयला या गैस का उपयोग कर अयस्क से ऑक्सीजन हटाई जाती है। तैयार स्पंज आयरन का उपयोग स्टील निर्माण में किया जाता है।
Comments (0)