भोपाल जिले में स्मार्ट मीटर लगवाने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टाइम ऑफ डे (TOD) योजना के तहत सोलर आवर में बिजली उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। कंपनी के मुताबिक जनवरी 2026 में जिले के 2 लाख 97 हजार 813 उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला। इसके चलते उपभोक्ताओं को करीब 2 करोड़ 10 लाख 66 हजार रुपये की सीधी राहत दी गई।
पांच लाख से अधिक उपभोक्ता हुए लाभान्वित
मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि अब तक 5 लाख 20 हजार 457 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मासिक बिजली बिल में टाइम ऑफ डे छूट मिल चुकी है। जनवरी माह में कुल मिलाकर 3 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये की रियायत दी गई, जिसमें भोपाल शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक फायदा हुआ।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सोलर आवर का लाभ
इस योजना के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग करने पर सामान्य दर से 20% कम बिल लगाया जा रहा है,यह छूट विशेष रूप से सोलर एनर्जी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दी जा रही है।
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
कंपनी के अनुसार यह सुविधा निम्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए है,घरेलू उपभोक्ता,गैर घरेलू उपभोक्ता,सार्वजनिक जल कार्य,स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ता को मिलेगी,इसके साथ ही 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड वाले उपभोक्ता इस योजना के पात्र होंगे। यह छूट सरकारी सब्सिडी से अलग गणना की जाएगी।
स्मार्ट मीटर से बढ़ेगी बचत
विद्युत वितरण कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर और टाइम ऑफ डे योजना से न सिर्फ उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है, बल्कि ऊर्जा संतुलन और सोलर बिजली के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।
Comments (0)