प्रदेश भाजपा एक बार फिर अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पार्टी मुख्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र शुरू करने जा रही है। यह सहयोग केंद्र लगभग तीन महीने के अंतराल के बाद आज, 3 फरवरी से दोबारा शुरू हो रहा है।
आज मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याएं सुनेंगे
भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के अनुसार, सहयोग केंद्र के पहले दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। मंत्री के आगमन से पूर्व दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्री सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
4, 5 और 6 फरवरी को मंत्री रहेंगे उपस्थित
सहयोग केंद्र के कार्यक्रम के तहत 4 फरवरी को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल जनता की समस्याएं सुनेंगे।
2024 में हुई थी सहयोग केंद्र की शुरुआत
भाजपा सरकार के गठन के बाद वर्ष 2024 में पहली बार सहयोग केंद्र की स्थापना की गई थी। लेकिन लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों के कारण यह व्यवस्था लंबे समय तक संचालित नहीं रह सकी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में सहयोग केंद्र दोबारा शुरू हुआ, जो लगभग दो सप्ताह तक चला। इस दौरान 11 मंत्रियों ने केंद्र में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनीं। इन दो सप्ताह में एक हजार से अधिक आवेदन और शिकायतें सामने आईं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
Comments (0)