कहते हैं नाम से ही पहचान बनती है और पहचान से आत्मसम्मान। कबीरधाम जिले के छोटे से गांव के लिए यह बात आज पूरी तरह सच साबित हुई। पीढ़ियों से चंडालपुर नाम के बोझ को झेल रहा यह गांव अब चंदनपुर के नाम से जाना जाएगा। राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होते ही गांव में खुशी और उत्सव का माहौल बन गया।
ग्रामीणों में उत्साह और जश्न
जैसे ही ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की आधिकारिक जानकारी मिली, पूरा गांव जश्न में डूब गया। ग्रामीणों ने मिलकर खुशी मनाई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जब वे बाहर जाते थे या गांव का नाम बताते थे, तो अक्सर शर्मिंदगी और असहजता का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग मज़ाक उड़ाते थे या नाम सुनकर गलत नज़रिए से देखते थे।
विधायक और मंत्री विजय शर्मा को ग्रामीणों का आभार
ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए क्षेत्रीय विधायक और मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर विधायक ने गांववासियों की भावनाओं को समझा और उनकी पहचान को नया सम्मान दिलाया।अब ग्रामवासी आशा करते हैं कि जिस तरह गांव का नाम चंदनपुर रखा गया है, उसी तरह गांव में मूलभूत सुविधाएं और विकास कार्य भी सुनिश्चित किए जाएं।
Comments (0)