देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ के 30 IAS और IPS अधिकारी प्रमुख भूमिका निभाएंगे। इसके लिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ कैडर के सचिव स्तर के IAS और वरिष्ठ IPS अधिकारियों को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
अगले महीने जारी हो सकती है अधिसूचना
इन अधिकारियों का प्रशिक्षण वर्तमान में दिल्ली में चल रहा है। विधानसभा चुनाव बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुचेरी में होने हैं। इसके लिए अगले महीने अधिसूचना जारी होने की संभावना है।
पर्यवेक्षकों को मिली जिम्मेदारी
पर्यवेक्षकों की सूची में कई सचिव स्तर के प्रभावशाली IAS अधिकारी शामिल हैं। इनमें ऋतु सेन, सिद्धार्थ कोमल परदेशी, नीलम एक्का, एस प्रकाश, भुवनेश यादव, एस. भारतीदासन, अंकित आनंद, शम्मी आबिदी, अवनीश शरण और सारांश मित्तर जैसे नाम प्रमुख हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे IPS अधिकारी
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के लिए 5 वरिष्ठ IPS अधिकारी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। इनमें डॉ. आनंद छाबड़ा, रतनलाल डांगी, अजय कुमार यादव, अंकित गर्ग और बद्रीनारायण मीणा शामिल हैं। उनकी तैनाती से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निर्वाचन आयोग ने ड्यूटी शर्तों में किया बदलाव
इस बार निर्वाचन आयोग ने पर्यवेक्षकों की ड्यूटी शर्तों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पुराने नियमों के तहत पर्यवेक्षक नामांकन के आखिरी दिन ही क्षेत्र में पहुंचते थे। अब उन्हें चुनाव अधिसूचना जारी होने के पहले दिन से ही अपने आवंटित क्षेत्र में उपस्थित होना होगा। इस बदलाव के कारण अधिकारियों को 7 दिन की अतिरिक्त ड्यूटी करनी होगी।
Comments (0)