रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट की अगली बैठक की तारीख तय हो गई है। कैबिनेट की बैठक 11 अक्टूबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन में होगी। बैठक को लेकर सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें भी टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि बैठक में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) बढ़ाने को लेकर चर्चा हो सकती है।
DA-DR बढ़ोतरी पर टिकी कर्मचारियों की नजर
कैबिनेट बैठक से पहले सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच DA और DR को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सरकार बैठक में इस मुद्दे पर फैसला ले सकती है।हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि DA और DR बढ़ोतरी को लेकर अभी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बैठक में किन प्रस्तावों पर चर्चा होगी और किन्हें मंजूरी मिलेगी, इसकी तस्वीर कैबिनेट बैठक के बाद ही साफ होगी।
60 फीसदी DA की मांग
छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) मिलने की बात कही जा रही है। वहीं पेंशनर्स को 58 प्रतिशत महंगाई राहत (DR) दिया जा रहा है।CG कर्मचारी संघ की ओर से केंद्र के समान 60 प्रतिशत DA देने की मांग की गई है। कर्मचारियों की मांग है कि DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1 जनवरी 2026 से एरियर का भी भुगतान किया जाए।कर्मचारी संगठनों का कहना है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA मिल रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत DA दिया जा रहा है।
30 सितंबर को हुई थी पिछली कैबिनेट बैठक
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक 30 सितंबर 2026 को हुई थी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी।