रायपुर। गगनयान मिशन के नायक और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला मंगलवार को रायपुर पहुंचे। वे यहां “अंतरिक्ष संगवारी” कार्यक्रम में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र के शुभारंभ समारोह का हिस्सा बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में स्थापित अंतरिक्ष संगवारी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने कहा कि यह उनके मिशन के बाद छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है और अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों को विज्ञान और स्पेस सेक्टर के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है। इससे न सिर्फ बच्चों को सही दिशा मिलेगी, बल्कि यह देश के भविष्य के लिए भी लाभदायक होगा।
शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मध्य भारत के क्षेत्र में स्पेस सेक्टर की शिक्षा और जानकारी की कमी रही है। ऐसे में यह जरूरी है कि बच्चों को सही जानकारी दी जाए, ताकि वे यह समझ सकें कि उन्हें क्या पढ़ाई करनी है और इस फील्ड में आगे कैसे बढ़ना है। सही मार्गदर्शन मिलने से बच्चे अपने करियर को बेहतर ढंग से चुन सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज अंतरिक्ष संगवारी केंद्र का शुभारंभ प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के छात्रों में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और सरकार धीरे-धीरे प्रयास करेगी कि प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे अंतरिक्ष केंद्र स्थापित किए जाएं।
इस केंद्र के माध्यम से छात्रों को “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के तहत स्पेस रिसर्च का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवा रायपुर में सैटेलाइट निर्माण, टेस्टिंग और ट्रैकिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी हब के रूप में पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला छात्रों से सीधा संवाद भी किया और उन्हें अपने अनुभव साझा कर प्रेरित किया । इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतिलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और छात्र उपस्थित रहे।
Comments (0)