रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में इस बार भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम आकर्षण का केंद्र बनेगी। तीन दिवसीय राज्योत्सव में हवाई करतब दिखाने के लिए टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंच गई। टीम नवा रायपुर अटल नगर के सेंध झील क्षेत्र के ऊपर शानदार हवाई प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित करेगी।
स्वदेशी हेलीकॉप्टरों से दिखेगा हवाई कौशल
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव के जरिए हवाई प्रदर्शन करती है। टीम अपनी सटीक उड़ान, शानदार तालमेल और समन्वित हवाई संरचनाओं के लिए जानी जाती है। राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के अनुशासन, टीम भावना और पेशेवर दक्षता के साथ देश की स्वदेशी हेलीकॉप्टर तकनीक की क्षमता को भी प्रदर्शित करेगा।
युवाओं और विमानन प्रेमियों के लिए खास मौका
सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए खास आकर्षण होगा। इस दौरान दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक नियंत्रण और आपसी तालमेल देखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन युवाओं में विमानन के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें भारतीय वायु सेना की कार्यशैली से परिचित कराने में भी मददगार होगा।
मोर से प्रेरित है सारंग टीम की पहचान
सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम की विशिष्ट पहचान उसकी मोर से प्रेरित रंग-सज्जा है। टीम का आदर्श वाक्य ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में प्रदर्शन के जरिए यह टीम भारतीय वायु सेना के उड़ान कौशल और पेशेवर उत्कृष्टता का प्रतिनिधित्व करती है। राज्योत्सव 2026 में सारंग टीम की भागीदारी समारोह के आकर्षण को बढ़ाएगी। रायपुर में होने वाला यह हवाई प्रदर्शन भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ के नागरिकों के बीच जुड़ाव को मजबूत करने के साथ युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का अवसर भी बनेगा।