अयोध्या | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को अयोध्या में आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने लोगों से प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचकर भव्य दीपोत्सव का साक्षी बनने की अपील की। सीएम योगी ने दीपोत्सव के संदेश को आस्था, प्रकाश, सुरक्षा, निवेश और समृद्धि से जोड़ते हुए कहा कि दीया प्रकाश का प्रतीक है। प्रकाश से सुरक्षा आती है और सुरक्षा से निवेश को बढ़ावा मिलता है। निवेश से समृद्धि आती है और समृद्धि आने पर पूरा प्रदेश उत्सव मनाता है।
आस्था और समृद्धि का संदेश देगा अयोध्या का दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार, अयोध्या में आयोजित होने वाला 10वां दीपोत्सव केवल धार्मिक आस्था का उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा, निवेश और विकास की भावना का भी प्रतीक है। इस आयोजन के जरिए देश-दुनिया तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने की तैयारी है।
‘यूपी बना है उत्सव प्रदेश’
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। अयोध्या का दीपोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और विकास की दिशा को प्रदर्शित करता है। मुख्यमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में होने वाले भव्य दीपोत्सव में शामिल होकर इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन के साक्षी बनें।