रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। राज्य शासन ने कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक राज्योत्सव कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। वहीं, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव
छत्तीसगढ़ में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर को मुख्य अतिथियों के निर्धारण को लेकर आदेश जारी किया है।जिला प्रशासन को मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और आयोजन से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की विकास उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
बिलासपुर में अरुण साव, दुर्ग में विजय शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
राज्य शासन की ओर से जारी सूची के मुताबिक, विभिन्न जिलों में मंत्रियों को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जांजगीर-चांपा: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
बिलासपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
दुर्ग: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायगढ़: वित्त मंत्री ओपी चौधरी
सरगुजा: रामविचार नेताम
कांकेर: केदार कश्यप
कोरबा: लखनलाल देवांगन
जशपुर: श्याम बिहारी जायसवाल
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: दयालदास बघेल
सूरजपुर: लक्ष्मी राजवाड़े
गरियाबंद: टंकराम वर्मा
राजनांदगांव: गजेंद्र यादव
बीजापुर: गुरु खुशवंत साहेब
इन जिलों में संबंधित जनप्रतिनिधि राज्योत्सव कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सांसदों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी
राज्योत्सव के आयोजन में सांसदों की भी भागीदारी रहेगी। शासन की सूची के अनुसार, विभिन्न जिलों में सांसद मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
बलौदाबाजार-भाटापारा: बृजमोहन अग्रवाल
बेमेतरा: विजय बघेल
कबीरधाम: संतोष पांडेय
बलरामपुर-रामानुजगंज: चिंतामणि महाराज
महासमुंद: रूपकुमारी चौधरी
सारंगढ़-बिलाईगढ़: राधेश्याम राठिया
सक्ती: कमलेश जांगड़े
दंतेवाड़ा: महेश कश्यप
बालोद: भोजराज नाग
सुकमा: देवेंद्र प्रताप सिंह
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: लक्ष्मी वर्मा
इन जिलों में विधायक होंगे मुख्य अतिथि
कुछ जिलों में राज्योत्सव कार्यक्रमों की जिम्मेदारी विधायकों को सौंपी गई है। इनमें शामिल हैं:
कोरिया: भैयालाल राजवाड़े
मुंगेली: पुन्नूलाल मोहले
धमतरी: अजय चंद्राकर
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: रेणुका सिंह
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: अमर अग्रवाल
कोंडागांव: लता उसेंडी
नारायणपुर: विक्रम उसेंडी
बस्तर: किरण देव
राज्य शासन ने जिला प्रशासन को जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस साल की थीम
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रम स्थलों पर सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विभागीय उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।इसके अलावा स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। इन आयोजनों के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। इसकी व्यवस्था संबंधित विभाग अपने बजट से करेंगे।जिला प्रशासन को कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने, विभागीय प्रदर्शनी लगाने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 2 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों के साथ प्रदेशभर में राज्य स्थापना दिवस का उत्सव मनाया जाएगा।