जालंधर | भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 में अपने खिताब के बचाव का धमाकेदार आगाज किया। मंगलवार को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी। मनदीप सिंह ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह ने दो-दो गोल दागे। इस बड़ी जीत के साथ भारत ने पहले ही दिन तीन अंक हासिल किए और प्लस 13 के गोल अंतर के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।
पहले क्वार्टर में भारत का तूफानी आगाज
भारत ने मैच की शुरुआत से ही बांग्लादेश पर दबाव बनाया। दूसरे मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दमदार ड्रैग-फ्लिक से गोल कर भारत का खाता खोला। अगले ही मिनट मनदीप सिंह ने हरमनप्रीत के पास को रिवर्स-हिट के जरिए गोल में बदल दिया। 10वें मिनट में मनदीप ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद 15वें मिनट में सुखजीत सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे के शानदार तालमेल के बाद शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को 4-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में स्कोर 6-0
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा। 18वें मिनट में अभिषेक ने सर्कल के अंदर जगह बनाकर गोल किया और भारत की बढ़त 5-0 कर दी। 26वें मिनट में नीलकांता शर्मा ने सर्कल के ऊपरी हिस्से से रिवर्स-स्टिक शॉट लगाकर भारत का छठा गोल किया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 6-0 से आगे थी।
तीसरे क्वार्टर में तीन गोल, बांग्लादेश बेबस
तीसरे क्वार्टर में बांग्लादेश ने कुछ समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन भारतीय आक्रमण को रोकने में नाकाम रहा। 43वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अगले ही मिनट उन्होंने ओपन प्ले से अपना दूसरा गोल दाग दिया। इसके तुरंत बाद हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 9-0 से आगे कर दिया।
मनदीप की हैट्रिक, जुगराज और हार्दिक ने भी दिखाया दम
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 10-0 कर दिया। 54वें मिनट में मनदीप सिंह ने आदित्य के क्रॉस को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की बढ़त 11-0 कर दी। मैच के अंतिम मिनट में हार्दिक सिंह ने लगातार दो गोल दागे। उनका पहला गोल 60वें मिनट में आया, जबकि दूसरा गोल हरमनप्रीत और दिलप्रीत के तालमेल से बने मूव पर हुआ। भारत ने मुकाबला 13-0 से अपने नाम कर लिया।
नीलकांता शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को कहा अलविदा
मैच के बाद भारतीय हॉकी के लिए भावुक पल भी आया। नीलकांता शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा की। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 भारतीय जर्सी में उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।
मलेशिया और जापान ने भी जीते अपने मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने चीन को 5-4 से हराया, जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की। भारत ने 13 गोल के अंतर से जीत हासिल कर पहले दिन सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जा रहा टूर्नामेंट
छह टीमों के इस टूर्नामेंट में सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारूप अपनाया गया है। प्रत्येक टीम लीग चरण में बाकी पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
29 अक्टूबर को चीन से भिड़ेगा भारत
भारत का अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को चीन के खिलाफ निर्धारित है। 28 अक्टूबर को टीमों के लिए आराम का दिन रखा गया है। लीग चरण के मुकाबले 2 नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में पहुंचेगा। यहां 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को कांस्य पदक तथा फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।