ग्वालियर जिले के डबरा में इन दिनों आस्था और श्रद्धा का विराट संगम देखने को मिल रहा है। नवग्रह मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। देशभर से संत-महात्मा, कथा वाचक और धर्माचार्य इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसे सनातन आस्था के एक बड़े पर्व के रूप में देखा जा रहा है।
सनातन बोर्ड का गठन अवश्य होगा
प्रसिद्ध कथा वाचक देवकी नंदन ठाकुर ने मंच से मंदिर और आयोजन की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह नवग्रह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का केंद्र बनेगा। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पहल की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे भव्य मंदिर युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेंगे और उन्हें सनातन की पहचान कराएंगे। देवकी नंदन ठाकुर ने मंच से सनातन बोर्ड के गठन की मांग भी उठाई। मीडिया से बातचीत में उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में सनातन बोर्ड का गठन अवश्य होगा।
शिवपुराण कथा से हुआ शुभारंभ, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
इस धार्मिक महायज्ञ की शुरुआत आज से हुई है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। पहले दिन कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के साथ कार्यक्रम का भव्य आगाज हुआ। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। डबरा में आयोजित यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला आयोजन भी बताया जा रहा है।
Comments (0)