रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि फार्म-7 का दुरुपयोग रोका जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव डालकर मतदाता नाम विलोपन के लिए फार्म-7 का ग़लत इस्तेमाल कर रही है।
मतदाता सूची से हटाए जाने का खतरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) में कई जिलों में फार्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे पात्र और वास्तविक मतदाताओं के नाम बिना उनकी जानकारी और सहमति के मतदाता सूची से हटाए जाने का खतरा है।
अधिकतर मामलों में शिकायतकर्ता का अस्तित्व ही नहीं है
छग प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा बड़ी संख्या में फार्म-7 प्रिंट करवा कर आपत्ति करवा रही है। ये आपत्तियां अनाधिकृत लोगों द्वारा की जा रही हैं और अनाधिकृत अधिकारियों को प्रस्तुत की जा रही हैं, जो कानून का उल्लंघन है। बैज ने कहा कि अधिकतर मामलों में शिकायतकर्ता का अस्तित्व ही नहीं है, और जहां है वहां शिकायत झूठी है।
शिकायतों का तुरंत निरस्त किया जाए
दीपक बैज ने चुनाव आयोग से मांग की है कि अस्तित्वहीन शिकायतकर्ताओं की ओर से जमा शिकायतों को तुरंत निरस्त किया जाए। साथ ही बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश जारी किए जाएं कि बिना पुख्ता प्रमाण के फार्म-7 स्वीकार न किया जाए, ताकि मतदाता सूची में गड़बड़ी और धोखाधड़ी को रोका जा सके।
Comments (0)