प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा है कि, आज सुबह सेरी पेरडाना में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ एक शानदार मुलाकात हुई। भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी हैं जिनके बीच हमेशा से गहरी दोस्ती रही है। हमने व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, आईटी, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में विकास सहयोग की समीक्षा की। हम सुरक्षा, रक्षा, AI, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमत हुए।
हम रक्षा सहयोग और व्यापक बनाएंगे
पीएम ने कहा कि, सुरक्षा के क्षेत्र में, हम आतंकवाद, खुफिया जानकारी साझा करना और समुद्री सुरक्षा में सहयोग मजबूत करेंगे। हम रक्षा सहयोग को भी और व्यापक बनाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, AI और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ, हम अर्धचालक, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे।
UPI मलेशिया में लागू होना
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, मलेशिया में भारत के श्रमिकों के संरक्षण के लिए सामाजिक सुरक्षा समझौता, पर्यटन के लिए ग्रैटिस ई-वीजा और डिजिटल पेमेंट इंटरफेस UPI का मलेशिया में लागू होना ये सभी कदम, दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे। भारत और मलेशिया को तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भी जोड़ता है। मलेशिया में तमिल की मजबूत और जीवंत उपस्थिति शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में दिखाई देती है।
मलेशिया पीएम अनवर इब्राहिम का बयान
वहीं मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने अपने बयान में कहा कि, पर्यटन और कनेक्टिविटी ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर हमें और ज़्यादा ज़ोर देना होगा। हमने पिछले साल इसमें शानदार बढ़ोतरी देखी है, और हमें उम्मीद है कि वीज़ा नियमों में ढील और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाकर हम मलेशिया ट्रूली एशिया और इंक्रेडिबल इंडिया से फ़ायदा उठा पाएंगे।
मैंने पूरा भारत नहीं देखा है - इब्राहिम
पीएम अनवर इब्राहिम ने कहा कि, मैं कई बार भारत गया हूं और सैकड़ों जगहों पर घूमा हूं, और मुझे अब भी लगता है कि मैंने पूरा भारत नहीं देखा है। यह बहुत बड़ा है, प्रधानमंत्री जी, और यह घूमने के लिए एक अद्भुत देश है, जहां का इतिहास, संस्कृति, कला और टेक्नोलॉजी में नई तरक्की देखने को मिलती है। क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के बारे में, मुझे अपनी तारीफ़ करनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेरी बातचीत सिर्फ़ सामान्य बातें और कूटनीतिक बातचीत नहीं थी। यह सच्चे दोस्तों के बीच भरोसे और समझ से भरी बातचीत थी।
पीएम अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि, मुझे इस मौके पर पीएम मोदी को दुनिया भर में सभी शांति प्रयासों को समर्थन करने की उनकी पक्की प्रतिबद्धता के लिए सम्मान और धन्यवाद देना चाहिए, चाहे वह यूक्रेन, रूस हो या मिडिल ईस्ट का मामला हो, खासकर गाजा में, शांति प्रक्रिया को समर्थन करने की उनकी प्रतिबद्धता साफ है और इसलिए मुझे निश्चित रूप से उनकी तारीफ करनी चाहिए। हमारे अच्छे रिश्तों की निशानी के तौर पर, मैंने तुरंत कोटा किनाबालु, सबा में भारत का दूतावास खोलने के भारत सरकार के फैसले को सपोर्ट करने पर सहमति जताई है।
Comments (0)