शिवराज सरकार के कार्यकाल में बंद की गई राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) को मोहन यादव सरकार फिर पुनर्जीवित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से सौजन्य भेंट कर उनके मंत्रालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल नगर में राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) सड़कों, पार्कों और भवनों के निर्माण, विकास और रखरखाव के अलावा नजूल भूमि की सुरक्षा और विकास के कार्य करने वाली संस्था रही है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इस संस्था को पुनर्जीवित करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय से आर्थिक और तकनीकी सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया, जिससे भविष्य में सीपीए पुनः भोपाल शहर की विकास गतिविधियों में योगदान दे सके।
केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में राज्य शासन को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मूलत: मप्र के निवासी थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी सौजन्य भेंट की।
उज्जैन और दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का किया अनुरोध
मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उज्जैन और दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ओवरनाइट वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से महाकाल की नगरी उज्जैन आने वाले तीर्थ यात्रियों को महाकाल दर्शन में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से राज्य में खनिज और उर्वरक की ढुलाई सुगम बनाने के लिए रेलवे साइडिंग को शीघ्र स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वैष्णव ने आइटी के क्षेत्र में मदद की बात कही।
दतिया और मुरैना को रक्षा औद्योगिक गलियारे में जोड़ा जाएगा
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके निवास पर सौजन्य भेंट कर अनुरोध किया कि उत्तर प्रदेश में बन रहे रक्षा औद्योगिक गलियारे में प्रदेश के दो सीमावर्ती जिले- दतिया और मुरैना को भी शामिल किया जाए।
दोनों ही जिलों में इस क्षेत्र के निवेश की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बेंगलुरु के रोड शो में हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा मध्य प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश करने की मंशा जताई गई थी।
मुख्यमंत्री ने मप्र उत्सव का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में मध्य प्रदेश उत्सव का उद्घाटन किया और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। दो सितंबर तक चलने वाले मध्य प्रदेश उत्सव में प्रदेश की समृद्ध कला, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का वृहद प्रदर्शन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आशा जताई की कि उत्सव के आगंतुकों को श्रीअन्न के पकवान खाने में अवश्य आनंद आएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए विजिटर बुक में लेख किया- मध्य प्रदेश उत्सव का आयोजन बहुत बेहतर तरीके से सुयोग्य भाव से प्रदर्शित किया गया है, बधाई।
Comments (0)